हरिद्वार , 12 मई 2026।
हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब नेशनल बैंक से धोखाधड़ी और गबन के मामले में फरार चल रहे आरोपी बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार 23 मार्च 2025 को भीमगोडा खड़खड़ी निवासी हरिओम ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि गौरव कुमार ने Punjab National Bank की खड़खड़ी शाखा में सरकारी कर्मचारी रहते हुए षड्यंत्र के तहत उनके खाते से धोखाधड़ी कर पैसे निकाल लिए। मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 173/2025 धारा 120बी, 409 और 420 आईपीसी के तहत दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस ने मुखबिर तंत्र, सुरागरसी और मोबाइल लोकेशन की मदद ली।
आखिरकार 11 मई 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी गौरव कुमार को सहारनपुर के नानकपुरम जनता रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से नई बस्ती भीमगोडा, हरिद्वार का निवासी है और फरारी के दौरान सहारनपुर में छिपकर रह रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव कुमार पुत्र चरणजीत सिंह निवासी नई बस्ती भीमगोडा, कोतवाली नगर हरिद्वार के रूप में हुई।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी कुन्दन सिंह राणा,वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक नवीन नेगी, अपर उपनिरीक्षक दीपक ध्यानी, कांस्टेबल शिवानन्द, कांस्टेबल वसीम (एसओजी), कांस्टेबल मुकेश उनियाल शामिल रहे।