बुधवार , 22 अप्रैल।
चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत आगाज हो चुका है और यात्रा के चौथे दिन आज बुधवार सुबह 8 बजे पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। परंपरा के अनुसार सबसे पहले मंदिर के पूर्व द्वार को खोला गया, जिसके बाद मुख्य पुजारी, रावल और हक-हकूकधारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना प्रारंभ की।
कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर मंदिर को लगभग 51 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। साथ ही भारतीय सेना के हेलिकॉप्टर द्वारा पुष्पवर्षा कर श्रद्धा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया गया। पहले ही दिन 8 से 10 हजार श्रद्धालुओं के दर्शन करने का अनुमान लगाया गया है।
इस मौके पर मुख़्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम में मौजूद रहे। उन्होंने यहां नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा अर्पित की।
इस वर्ष यात्रा के दौरान नियमों में विशेष सख्ती बरती जा रही है। मंदिर समिति के अनुसार मुख्य मंदिर परिसर से 50–60 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। फोटोग्राफी के लिए अलग से निर्धारित स्थान बनाए गए हैं, जहां ही मोबाइल का उपयोग किया जा सकेगा। मंदिर के भीतर रील बनाना, फोटो खींचना और वीडियो बनाना पूरी तरह निषिद्ध रहेगा।
कपाट खुलने के बाद मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग और हक-हकूकधारियों ने विशेष पूजा और वेद पाठ आरंभ कर दिया है। पूजा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही आम श्रद्धालुओं के लिए मुख्य द्वार खोला जाएगा।
विशेष परंपरा के तहत कपाट बंद करने के समय ज्योतिर्लिंग पर चढ़ाई गई भस्म को हटाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा।
चारधाम यात्रा के इस शुभारंभ ने एक बार फिर आस्था, परंपरा और भक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया है।