हरिद्वार, 13 अप्रैल।
उत्तराखंड मुख़्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार शाम ऋषिकुल मैदान में आयोजित ‘सदभावना सम्मेलन एवं वैशाखी महोत्सव 2026’ में प्रतिभाग करते हुए भारत की सनातन संस्कृति को “वसुधैव कुटुम्बकम” के सिद्धांत पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि यह विचार पूरी दुनिया को एक परिवार मानने का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने देशभर से आए संतों, अतिथियों, माताओं, बहनों और युवाओं का स्वागत करते हुए वैशाखी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं औरसमाज में समरसता को मजबूत करते हैं।

सीएम धामी ने मानव सेवा एवं उध्धान समिति द्वारा किए जा रहे सेवा और नैतिक जागरण के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक तनाव के दौर में प्रेम, सदभाव और मानवता का संदेश बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा वैश्विक स्तर पर मानवता की सेवा को प्राथमिकता दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” की भावना को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कोरोना काल में वैक्सीन सहायता, योग और आयुर्वेद को वैश्विक पहचान दिलाने जैसे प्रयासों को भारत की मानवीय प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।

सीएम ने राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। साथ ही केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अनुयायियों को सम्बोधित करते हुए श्री सतपाल महाराज ने कहा कि सत्संग से विवेक जागृत होता है। संतों ने सिखाया है कि परमपिता परमेश्वर एक है और सर्वत्र व्याप्त है। हम सब मानव हैं। हमें सामाजिक समरसता कायम रखने और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करना आवश्यक है। पर्यावरण व जल संरक्षण पर जोर देते हुए प्लास्टिक को नियंत्रित करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है।  इसकी मर्यादा बनाए रखने के लिए सभी को प्रतिबध्द रहना होगा। उन्होंने पंच संकल्प प्रस्तुत करते हुए स्वदेशी को बढ़ावा देने तथा नागरिक कर्तव्यों का पूरी तरह से पालन करने का आह्वान भी किया।  

श्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को विकास पुरुष बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड में अभूतपूर्व  विकास हुआ है। बैसाखी महोत्सव के उपलक्ष्य में ऋषिकुल मैदान हरिद्वार में आयोजित तीन दिवसीय सद्भावना सम्मेलन के शुभारंभ के अवसर पर मानव सेवा उत्थान समिति परिवार की श्रीमती अमृता रावत, सुयश जी महाराज, विभू जी महाराज,  श्रीमती आराध्या,  श्रीमती मोहना ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम में संत समाज ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए राज्य में हो रहे विकास कार्यों को सराहा। तीन दिवसीय इस सदभावना सम्मेलन के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक हस्तियों जैसे – पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी,  शोभाराम  प्रजापति, नगर निगम रूड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री आशुतोष शर्मा, एससी-एसटी आयोग के सदस्य मनोज गौतम, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी रुड़की अनिल शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि और देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आये अनुयायी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन समाज में एकता, सदभाव और सेवा की भावना को और अधिक सशक्त करेगा, जिसके दूरगामी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!