
हरिद्वार,सोमवार 13 अप्रैल 2026।
चारधाम यात्रा को देखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नेशनल हाईवे-58 के बहादराबाद क्षेत्र में स्थित ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंट्स में विशेष अभियान चलाकर छापेमारी की।

सहायक आयुक्त खाद्य महिमानंद जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिला अधिकारी के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई, ताकि चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को शुद्ध और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध हो सके।
अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में कुल 14 ढाबों, रेस्टोरेंट्स और होटलों का निरीक्षण किया गया। जांच में चार ढाबों पर फूड लाइसेंस न मिलने पर संचालकों को मौके पर ही नोटिस जारी करते हुए दो दिन के भीतर लाइसेंस बनाकर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, एक ढाबा गलत श्रेणी में पंजीकृत पाया गया, जिसे संशोधित कर रेस्टोरेंट श्रेणी में पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। जिन प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड नहीं लगे थे, वहां भी तत्काल बोर्ड प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स में फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगाना अनिवार्य है, जिसमें नियमों के साथ-साथ सम्बधित शिकायतों के लिये खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण नई दिल्ली का टोल फ्री नन्बर – 1800112100, वव्हाट्सएप नं -9868686868 तथा FDA उत्तराखंड का टोल फ्री नं-18001804246 भी प्रदर्शित किया गया है। अगर किसी ग्राहक एवं उपभोक्ता को खाद्य सुरक्षा से संबंधित किसी शिकायत को दर्ज कराना है तो इन दूरभाष नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी और ओवररेटिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि खाद्य सुरक्षा से जुड़ी किसी भी शिकायत को संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर दर्ज करें।