हरिद्वार स्थित जयराम आश्रम में आयोजित कांग्रेस के बड़े कार्यक्रम के दौरान जेबकतरों ने जमकर हाथ साफ किया। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा की मौजूदगी के बीच कई लोगों की जेब काट ली गई।
जानकारी के अनुसार, जेबकतरे नेताजी की वेशभूषा में कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ। इसी दौरान वरिष्ठ पत्रकार महावीर नेगी की जेब से करीब 14 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। शक होने पर उन्होंने एक संदिग्ध को पकड़ लिया, जिसकी तलाशी लेने पर पैसे बरामद हो गए।
पकड़े गए आरोपी ने खुद को कांग्रेस के एक विधायक का करीबी कार्यकर्ता बताया, लेकिन मौके पर मौजूद विधायक ने उसे फटकार लगाई।
इस घटना में पार्षद धिमांशु, महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग के भाई और अन्य लोगों की जेब भी काटी गई। यह कोई पहला मामला नहीं है-बताया जा रहा है कि कांग्रेस के कई कार्यक्रमों में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।
पूर्व में पार्षद अनूप सिंह का मोबाइल और पर्स चोरी हो चुका है, वहीं पार्षद आकाश भाटी का मोबाइल भी एक रैली के दौरान गायब हो गया था। यहां तक कि सुभाराम वेंकट हॉल में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के मोबाइल चोरी की कोशिश भी हो चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों को सलाह दी जा रही है कि कार्यक्रमों में जाते समय अपने कीमती सामान और नकदी का विशेष ध्यान रखें।