आज दिनांक 30 मार्च सोमवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सुबह फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। मसूरी रोड स्थित मालसी क्षेत्र में दो कार सवारों के बीच ओवरटेक को लेकर हुए विवाद के दौरान चली गोली एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर को लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जाखन स्थित तुला ग्रीन अपार्टमेंट निवासी 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी रोज की तरह सुबह करीब 6:39 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो में सवार युवकों के बीच वाहन को पास न देने को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर कार को रोकने के लिए उसके टायरों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से अपने साथियो के साथ गुजर रहे ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के सीने में गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर कार जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार 10–12 आरोपियों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद स्कॉर्पियो कार में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क पर अन्य लोगों की जान को भी खतरा पैदा हो गया है।
देहरादून पुलिस के अनुसार सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित पुलिस अधिकारी और राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
घटना के बाद पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!