आज रविवार दिनांक 29 मार्च को हरिद्वार जिला मुक्केबाजी संघ की बैठक विवेक विहार स्थित कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें 3 अप्रैल से शुरू होने वाली राज्य स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित की जाएगी। बालक वर्ग में 97 और बालिका वर्ग में 57 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। सभी टीमें और खिलाड़ी 2 अप्रैल को खेल परिसर रोशनाबाद पहुंच जाएंगे।
उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रोहन सहगल ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्य के 10 जिलों और 10 स्पोर्ट्स कॉलेजों की टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, उधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग सहित अन्य जनपद शामिल हैं। प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए 20 तकनीकी विशेषज्ञ भी हरिद्वार पहुंचेंगे, जिनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी विशेषज्ञ शामिल हैं।
संघ के सचिव विपिन चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित स्पोर्ट्स कॉलेजों के खिलाड़ी मेहनती और तकनीकी रूप से दक्ष हैं। पिथौरागढ़ जिले का पिछले तीन दशकों से बॉक्सिंग में विशेष योगदान रहा है और राज्य के विभिन्न जिलों में चल रहे प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों को निरंतर निखार रहे हैं।
हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव नवीन चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, टीम मैनेजर और कोच के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा और हरिद्वार में मुक्केबाजी खेल को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में राकेश चौधरी, सुनीता चौधरी, सुधीर जोशी, श्याम सिंह, नवीन कुमार चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!