उत्तराखंड : नैनीताल/ हल्द्वानी , मध्य एशिया में चल रहे तनाव के बीच एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कालाबाजारी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार उत्तराखंड में एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है और राज्य में 2 -3 सप्ताह से अधिक का स्टॉक उपलब्ध है।
ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार स्थित बड़े बॉटलिंग प्लांट्स में गैस का उत्पादन लगातार जारी है। राज्य अपनी जरूरतों के साथ-साथ अन्य राज्यों को भी आपूर्ति कर रहा है।
कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस
एसएसपी ने चेतावनी दी है कि, यदि कोई गैस एजेंसी या डीलर जमाखोरी, ब्लैक मार्केटिंग या ओवररेटिंग में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही संबंधित एजेंसी की डीलरशिप रद्द करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
सघन चेकिंग और निगरानी
ईंधन की सप्लाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। थानों और सर्किल स्तर पर क्यूआरटी (Quick Response Team) गठित की गई हैं, जिनमें एसडीएम, तहसीलदार और सीओ शामिल हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग कर रही हैं।
जनता से अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस या ईंधन की अनावश्यक बुकिंग न करें। किसी भी समस्या या सूचना के लिए तुरंत 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस और प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जनपद में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।