उत्तराखंड : हल्द्वानी में भाई ने भाई को स्टील के लोटे से मार सिर कुचला…

उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से एक दिल दहला देने वाली और खौफनाक हत्या की वारदात सामने आई है। बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 फरवरी की रात करीब 11 बजे आरोपी संदीप जायसवाल घर पहुंचा। घर आते ही उसका अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते झगड़ा हिंसक हो गया। गुस्से में बेकाबू संदीप ने पास में रखा स्टील का लोटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने सोनू को तख्त पर पटक-पटककर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला इतना क्रूर था कि सोनू लहूलुहान होकर मौके पर ही अचेत हो गया।
घायल सोनू को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चोटें अत्यधिक गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चश्मदीदों का कहना है कि वारदात के दौरान आरोपी चिल्ला रहा था कि उसका भाई उसकी जिंदगी बर्बाद कर रहा है।
इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी संदीप जायसवाल मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि हत्या की असल वजह और पृष्ठभूमि पूरी तरह सामने आ सके। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। संदीप जायसवाल पूर्व में भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।